रिश्वतखोरी के आरोपों में बड़ा एक्शन: आबकारी असिस्टेंट कमिश्नर निलंबित : ठेकेदार की आत्महत्या के बाद सरकार सख्त, सीएम ने दिए तत्काल कार्रवाई के आदेश
SANDEEP SEN Editor
Sat, Dec 6, 2025
इंदौर। कनाड़िया क्षेत्र के शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के मामले ने प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। ठेकेदार द्वारा मौत से पहले जारी वीडियो में आबकारी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित पर रिश्वतखोरी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए थे। वीडियो वायरल होते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एक्शन लिया और असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए।
ठेकेदार दिनेश मकवाना ने 8 नवंबर को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया था कि मंदाकिनी दीक्षित उनकी देवास स्थित पाँच शराब दुकानों के लिए प्रति दुकान डेढ़ लाख रुपये के हिसाब से करीब 7.5 लाख रुपये महीना रिश्वत के रूप में मांग रही थीं। मकवाना का दावा था कि वे अब तक 20 से 22 लाख रुपये तक दे भी चुके थे।
घटनाक्रम के बाद मकवाना के परिजनों ने 29 नवंबर को कनाड़िया थाने में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की गहन जांच की मांग की थी।
मंदाकिनी दीक्षित ने भी लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप
उधर, निलंबित असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित ने भी अपनी तरफ से गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने देवास एसपी को आवेदन देकर कहा है कि ठेकेदार के परिजन उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं और दो करोड़ रुपये में मामला सेटल करने का दबाव बना रहे हैं। दीक्षित का कहना है कि उन्होंने इससे जुड़े वीडियो और साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं।
मामले की जांच पुलिस और विभागीय स्तर पर शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के बाद यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है तथा आगे की जांच रिपोर्ट का सभी को इंतजार है।
Tags :
आबकारी विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन