“आह्वान उधम का” : शहीद उधम सिंह की 126वीं जयंती पर इंदौर में सामाजिक चेतना और सम्मान समारोह
SANDEEP SEN Editor
Sat, Dec 27, 2025
इंदौर। अमर बलिदानी शहीद उधम सिंह जी की 126वीं जन्म जयंती के पावन अवसर पर उधम सिंह क्रांति सेना के तत्वावधान में आयोजित भव्य सामाजिक एवं सम्मान समारोह “आह्वान उधम का” रविवार को इंदौर स्थित लता मंगेशकर सभागार में गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय सहभागिता रही और सभागार देशभक्ति, सामाजिक चेतना एवं समरसता के संदेश से ओतप्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत शहीद उधम सिंह जी के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म के प्रदर्शन से की गई, जिसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ हुआ।
उधम सिंह क्रांति सेना के संस्थापक श्री जीतू झालरिया ने अपने ओजस्वी एवं स्पष्ट संबोधन में कहा कि संगठन जाति के नाम पर अपमान, गाली-गलौज एवं भेदभाव करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगा। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ संवैधानिक दायरे में रहते हुए सशक्त एवं निर्णायक विरोध किया जाएगा। श्री झालरिया ने संगठन के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि उधम सिंह क्रांति सेना शहीद उधम सिंह जी के विचारों से प्रेरित होकर समाज में समानता, समरसता एवं सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए निरंतर सक्रिय है। संगठन का प्रमुख लक्ष्य सर्व रविदास समाज को संगठित करना, दलित-वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना तथा अन्याय-अत्याचार के विरुद्ध संगठित आवाज बुलंद करना है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री रूपसिंह जी नागर ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में समरसता का भाव विकसित करना और वंचित वर्गों को आगे बढ़ाना उधम सिंह क्रांति सेना का पुनीत संकल्प है, जो निश्चित रूप से पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को राजनीतिक स्वतंत्रता दिलाई, किंतु सामाजिक समानता की लड़ाई आज भी जारी है और इस अधूरे कार्य को पूरा करने की दिशा में उधम सिंह क्रांति सेना सार्थक प्रयास कर रही है।
मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार जी भार्गव (आईएएस) ने शहीद उधम सिंह के जीवन को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने युवाओं से शहीद उधम सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन में भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि डॉ. विष्णु प्रसाद जी मालवीय एवं श्री संतोष जी सिसोदिया ने शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं की सक्रिय भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री दिनेश जी अग्रिहोत्री ने की। उन्होंने उधम सिंह क्रांति सेना द्वारा किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को जागरूक करने और सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, खेल, कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को “समाज रत्न सम्मान” एवं “प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। इसके साथ ही संगठन की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों की औपचारिक घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। स्वागत भाषण श्री सतीश जी जाटव द्वारा दिया गया, जबकि कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुस्पष्ट संचालन प्रोफेसर रेखा गोयल ने किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामलाल चौहान, हरिराम राठौर, जयराम चौहान, उमरावसिंह जाटवा, रामजी चौहान, राकेश राठौर, शालू पिपरिया, भारत जाटवा, बंटी परमार, धनसिंह चौहान, संजय राठौर, महेश फुलेरिया, राहुल जाटव, रवि मकवाना, मधुसूदन परमार, संजय लोबानिया, कमल ठेकेदार, सतीश सोनगरा, मनोज परमार, जगदीश मिस्त्री, लीलाधार परमार, सतीश गंगोरिया सहित इंदौर-उज्जैन संभाग के बड़ी संख्या में युवा एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर श्री देवी लाल जी जाटव ने आभार प्रदर्शन करते हुए उधम सिंह क्रांति सेना की ओर से सभी अतिथियों, वक्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं समाजजनों का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए कृतज्ञता प्रकट की।
Tags :
भूपेंद्र पंचोली
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन